बंदूकें, ड्रग्स और वायरल कंटेंट: टिकटॉक से यूं अपना कारोबार फैला रहे हैं माफिया
मेक्सिको में सरेआम बड़े से बड़े अधिकारी, नेताओं की हत्या बेहद आम बात है. आपराधिक गतिविधियों के कारण ही यह पूरी दुनिया में कुख्यात है. इन सबके पीछे ड्रग माफियाओं का हाथ होता है. इनके पास इतने अत्याधुनिक हथियार होते हैं कि पुलिस वाले भी इनसे उलझने से डरते हैं. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल मेक्सिको में अपराध के कई रिकॉर्ड्स टूटेंगे. दरअसल, ड्रग तस्करी से जुड़े लोग युवाओं को आकर्षित करने के लिए इन दिनों टिकटॉक का सहारा ले रहे हैं.
कैसे हो रहा है टिकटॉक का इस्तेमाल?
इस सोशल साइट्स पर तस्करी से जुड़े युवा अपनी आलीशान लाइफ दिखा रहे हैं, जिसमें कोई बाघ के शावक के साथ तो किसी के पास खतरनाक हथियार हैं. वहीं कोई ड्रग्स और बख्तरबंद कारों में अपनी लग्जरी लाइफ दिखा रहा है. इसके जरिए माफिया से जुड़े लोग युवाओं को इस बिजनेस से जोड़ना चाह रहे हैं. उन्हें लगता है कि युवा उनकी लाइफस्टाइल से प्रभावित होकर इस धंधे से जुड़ेंगे. टिकटॉक पर इन वीडियोज को हजारों-लाखों में व्यूज मिल रहे हैं|
ये वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं. ये वीडियो ड्रग्स माफियाओं को महिमामंडित करने वाली गतिविधियों से जुड़े हैं. लेकिन टिकटॉक पर भले ही इन माफियाओं से जुड़े लोग कुछ भी कहें, ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस साल फिर से मेक्सिको हत्याओं के रिकॉर्ड को तोड़ने वाला है. ऑर्गनाइज क्राइम से जुड़े एक्सपर्ट कहते हैं कि माफिया कैम्पेन चलाकर खूनी खेल की जगह टिकटॉक के जरिए अपना प्रोपेगैंडा फैला रहे हैं, ताकि वे इस धंधे में नए युवाओं को जोड़ सकें.
टिकटॉक पर वायरल हैं वीडियो
ड्रग कार्टेल से जुड़े ऐसे वीडियो मेक्सिको के सोशल मीडिया पर काफी पहले से फेमस हैं मगर टिकटॉक पर ऐसे कंटेंट हाल ही में फेमस होना शुरु हुए हैं. बोट चेज का एक वीडियो मेक्सिको के टिकटॉक पर काफी वायरल हुआ. ऐप के एल्गोरिदम के चलते वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और लाखों लाइक्स मिले. इसके बाद ड्रग कार्टेल से जुड़े और वीडियो भी दिखने लगे. कई यूजर्स ने भी कमेंट में पूछा कि कैसे कार्टेल से जुड़े इतने वीडियो सामने आने लगे. वहीं कई यूजर कार्टेल से जुड़े वीडियो और ड्रग कार्टेल कल्चर को प्रमोट करने लगे.
लंबे वक्त से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हैं वीडियो
टिकटॉक की एक अधिकारी ने कहा कि कंपनी संगठित अपराधिक गतिविधि से निपटने के लिए कानून के साथ है. अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने ऐसे कई अकाउंट को हटाया है जो अवैध गतिविधियों का प्रचार करते हैं. एल नार्को इंसाइड मेक्सिकोज क्रिमिनल इंसर्जेंसी के लेखक आयान ग्रिलो ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि भले मेक्सिको के युवा टिकटॉकर्स के लिए कार्टेल वीडियो नया है पर मेक्सिको में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नार्को कल्चर को दर्शाना नया नहीं है. पहले के कार्टेल वीडियो काफी हिंसक हुआ करते थे जिसमें किसी को जान से मारते हुए दिखाया जाता था और उसे यूट्यूब पर पोस्ट किया जाता था मगर अब के कार्टेल वीडियो बिल्कुल अलग हैं. जैसे-जैसे कार्टेल से जुड़े लोग डिजिटल तौर पर अधिक सक्रिय होते जा रहे हैं वैसे-वैसे वो ऐसे वीडियो पोस्ट करने लगे हैं जो अधिक लग्जरी दर्शाने वाले हैं.
मेक्सिको में पिछले साल हत्या के 34,582 मामले दर्ज हुए थे और ये आंकड़े बढ़ते ही जा रहे हैं. जानकारों के अनुसार कई ऐसे वीडियो हैं जो दहशत फैलाने के लिए बनाए जाते हैं मगर उनसे भी अधिक ऐसे वीडियो बनाए जा रहे हैं जिससे मेक्सिको को ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को ड्रग कारोबार की अच्छाइयां दिखाई जा सकें. मेहंगी कार, लड़कियां, रुपये, वीडियो के मुख्य आकर्षण होते हैं.
कौन बनाता है टिकटॉक ले लिए वीडियो
अंतरराष्ट्रीय संकट समूह के लिए मेक्सिको के वरिष्ठ विश्लेषक, फाल्को अर्न्स्ट ने बताया कि कार्टेल से जुड़े कई वीडिया कार्टेल के लोग खुद ही बनाते होंगे. उसके अलावा अधिकतर वीडियो गैंग के सबसे निम्न स्तर के युवा बनाते होंगे और सोशल मीडिया पर उन्हें उनके दोस्त शेयर करते होंगे जो वैसी ही जिंदगी गुजारना चाहते हैं. अर्न्स्ट ने बताया कि वीडियो चाहे कोई भी बना रहा हो मगर वीडियो बनाने का मुख्य उद्देश्य यही है कि वो लोग युवाओं की एक फौज तैयार करना चाहते हैं जो इस दिखावे की जिंदगी पाने के लिए अपनी जान भी दे सकते हैं. अर्न्स्ट ने कहा कि कार्टेल से जुड़े गैंग इन्हीं युवाओं के भरोसे टिके हुए हैं.

Comments
Post a Comment